रोहतक में बाबा साहब की प्रतिमा से गांधी प्रतिमा तक रोष मार्च, भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी
देश को जाति धर्म के नाम पर बांट रही भाजपा खड़गे जी से मांगे माफी: हुड्डा
रोहतक, 14 अगस्त। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल को गंगाजल से धोने के मामले के विरोध में शुक्रवार को रोहतक में कांग्रेस ने जोरदार रोष प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित इस रोष मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से मार्च शुरू किया और मॉडल टाउन स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचकर सत्याग्रह किया। इस दौरान भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि देश के करोड़ों दलितों, वंचितों और संविधान में विश्वास रखने वाले लोगों का अपमान है। उन्होंने कहा कि किसी वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता के कार्यक्रम स्थल को गंगाजल से धोने जैसी घटना भाजपा की संकीर्ण और विभाजनकारी मानसिकता को दर्शाती है। कांग्रेस ऐसी मानसिकता को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और देश के वरिष्ठ नेता के प्रति भाजपा की यह दूषित मानसिकता कतई बर्दाश्त के काबिल नहीं है दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज हो और कानूनी कार्यवाही की जाए।
हुड्डा ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसमें हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान मिला। आज संविधान और सामाजिक समरसता को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं। कांग्रेस इन कोशिशों के खिलाफ सड़क से संसद तक अपनी आवाज बुलंद करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य और हरियाणा के विकास से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए, लेकिन जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने के लिए भावनात्मक और विभाजनकारी मुद्दों को आगे किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस हरियाणवी समाज के भाईचारे, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए मजबूती से संघर्ष करेगी।
विधायक भारत भूषण बत्रा ने कहा कि भाजपा की सरकारें सत्ता के अहंकार में संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। खड़गे जी के कार्यक्रम स्थल को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा शुद्धिकरण करना यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का संविधान हर नागरिक को बराबरी का अधिकार देता है और कांग्रेस उस संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। खड़गे जी जैसे वरिष्ठ नेता का अपमान पूरे समाज और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।
बत्रा ने हरियाणा के मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, महंगाई ने आम परिवार का बजट बिगाड़ दिया है और शहरों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सवाल लगातार खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोहतक सहित पूरे हरियाणा में सड़क, सीवर, जलभराव, रोजगार और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज को दबने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता अब मुद्दों की राजनीति चाहती है, न कि समाज को बांटने की राजनीति।
कलानौर विधायक शकुंतला खटक ने कहा कि भाजपा की सोच महिलाओं, दलितों और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए भी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जिस संविधान ने महिलाओं और वंचित वर्गों को समान अधिकार और सम्मान दिया, उसकी रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की महिलाएं महंगाई, बेरोजगारी, सुरक्षा और परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर परेशान हैं। युवाओं के सामने रोजगार का संकट है और ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास कार्यों की रफ्तार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस इन सभी मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और हर वर्ग के सम्मान तथा अधिकार की लड़ाई लड़ेगी।
महम विधायक बलराम दांगी ने कहा कि हरियाणा की जनता ने हमेशा भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को प्राथमिकता दी है। भाजपा की विभाजनकारी राजनीति प्रदेश के सामाजिक ताने-बाने के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों, युवाओं और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान भाषणों से नहीं, ठोस नीतियों से होगा। कांग्रेस की सरकार बनने पर हर वर्ग के साथ न्याय, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और किसानों के हितों की मजबूत पैरवी को प्राथमिकता दी जाएगी।
दांगी ने कहा कि आज का प्रदर्शन केवल खड़गे जी के अपमान के खिलाफ रोष नहीं है, बल्कि संविधान, सामाजिक न्याय और हरियाणा के भाईचारे की रक्षा का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर-शहर जाकर जनता के मुद्दों को उठाएंगे।
रोष मार्च में पूर्व मंत्री सुभाष बतरा ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष हमेशा लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और जनहित के लिए रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के मुद्दों की लड़ाई को और मजबूत करने का आह्वान किया।
पूर्व चेयरमैन चक्रवर्ती शर्मा ने कहा कि कांग्रेस हर वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता है और संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर किसी भी प्रकार का हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पूर्व विधायक संत कुमार ने कहा कि खड़गे जी का अपमान देश के सामाजिक न्याय के संघर्ष का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे।
कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष बलवान रंगा ने कहा कि शहर से लेकर गांव तक कांग्रेस का कार्यकर्ता जनता के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यकर्ताओं की भागीदारी के लिए उनका आभार जताते हुए कहा कि सामाजिक भाईचारा और संविधान की रक्षा कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष कुलदीप केडी ने रोष मार्च और सत्याग्रह में पहुंचे सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज रोहतक की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी प्रकार के अपमान और अन्याय के खिलाफ एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा से गांधी प्रतिमा तक निकला यह मार्च केवल विरोध का कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान, सामाजिक न्याय, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से संगठन को और मजबूत करने तथा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक संत कुमार , ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कपिल खन्ना, सुनील बल्ली, कांग्रेस डेलीगेट मोनू शर्मा, राज बहादुर शर्मा, सुलभ गुगनानी,रॉबिन सचदेवा , बिट्टू सचदेवा,सुरेश महम,बलजीत राणा,अनिल सैनी, अड़ी चंद,निर्मल बल्हारा,निर्मल चौधरी,राजदुलारी,लाखनमाजरा ठाट सिंह, सापला ब्लॉक प्रधान राजकुमार, कलानौर ब्लॉक प्रधान कुशलानंद वशिष्ठ, क्लोई ब्लॉक प्रधान शमशेर सिंह, बेरी ब्लॉक प्रधान विजय,अहलावत, पार्षद परीक्षित देशवाल ,पार्षद विजय गोयल, कुलदीप पहलवान, विजय ठेकेदार, चरणजीत , सुनील बड़क, डॉ मामराज स्वामी, राजीव अत्री,मनीष आर्य ,विकास गोयल,राकेश हुड्डा, सूरजमल क्लोई, पूर्व पार्षद सुरेंद्र बत्रा, योगेंद्र बॉस,सोनू जांगड़ा,कविता शर्मा,संगीता सहरावत,देवेंद्र भारत,गुलशन डंग ,सत्यवान चहल,संजय दलाल,राजबीर बैरागी मौजूद थे ।
हुड्डा बोले- खड़गे जी की सभा स्थल का शुद्धिकरण समानता और संविधान का अपमान
0 Comments