सीआईए स्टाफ पलवल की बड़ी कार्रवाई
दो आरोपी गिरफ्तार, 59 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और गाड़ी बरामद।
पुलिस अधीक्षक पलवल नीतीश अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पलवल पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने नकली एम्बुलेंस के जरिए की जा रही शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने केएमपी एक्सप्रेसवे के नजदीक नाकाबंदी के दौरान एक ऐसी गाड़ी को दबोचा है, जिसे फर्जी तरीके से एम्बुलेंस का रूप दिया गया था और उस पर आपातकालीन लाल-नीली बत्ती भी लगाई गई थी। पुलिस ने मौके से दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो मरीज ले जाने के बहाने पुलिस को चकमा देकर अवैध शराब की बड़ी खेप ले जा रहे थे।
सीआईए स्टाफ पलवल प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच स्टाफ के हेड कांस्टेबल रवीन्द्र को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि एक फर्जी एम्बुलेंस में उसके मालिक की मिलीभगत से अवैध शराब भरकर राजस्थान के कोटा की तरफ ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तुरंत केएमपी रोड पर बहोला गांव के पास पलवल-नूंह मार्ग पर नाकाबंदी कर दी। थोड़ी देर बाद जब संदिग्ध गाड़ी वहां पहुंची, तो पुलिस पार्टी को देखकर चालक ने नाके से करीब 50 मीटर पहले ही गाड़ी को रोक दिया। मुस्तैद पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए तुरंत घेराबंदी की और चालक व उसके साथी परिचालक को गाड़ी सहित काबू कर लिया।
जब पुलिस टीम ने एम्बुलेंस की बारीकी से जांच की तो गाड़ी में मरीज या मेडिकल उपकरण की जगह सीटों के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की पेटियां ठूंस-ठूंस कर भरी हुई थीं। पुलिस ने तुरंत आबकारी विभाग को सूचित किया और उनकी मौजूदगी में बरामद शराब की गिनती की गई। गाड़ी की सघन तलाशी के दौरान कुल 59 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पकड़े गए आरोपितों की पहचान बादली (झज्जर) निवासी चालक दीपक और रामनगर कालोनी, पानीपत निवासी परिचालक सलीम के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी शराब परिवहन से जुड़ा कोई भी वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सके।
पुलिस टीम ने बरामद अवैध शराब और फर्जी तरीके से तैयार की गई एम्बुलेंस को कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में थाना सदर पलवल में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और शराब के मुख्य सप्लायर का पता लगाया जा सके।
फर्जी एम्बुलेंस में लाल-नीली बत्ती लगाकर शराब की तस्करी का भंडाफोड़
0 Comments